BJP-MLA प्रीतम लोधी के बयान के बाद कार्यवाही की मांग को लेकर BSP ने सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी। जिले के पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के एक कथित बयान ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। बहुजन समाज से जुड़े संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि विधायक ने करैरा एसडीओपी जाकड़ के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक बयान देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है।
तानाशाही रवैया, दबाव की राजनीति के आरोप
बहुजन समाज के प्रतिनिधि दिनेश जौराठी ने विधायक पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है और उनके परिवार से जुड़े मामलों में भी पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। जौराठी ने यह भी दावा किया कि विधायक के बेटे से जुड़े सड़क दुर्घटना मामलों में दबाव बनाकर कार्रवाई रोकने का प्रयास हुआ है।
पहले भी विवादों में रहे बयान, जांच शुरू
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह पहली बार नहीं है, जब विधायक पर अभद्र टिप्पणियों के आरोप लगे हैं। इससे पहले भी वे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं। संगठन ने मांग की है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो विधायक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ पार्टी स्तर पर भी कठोर कदम उठाए जाएं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आई है। उधर, राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।
