SDOP को धमकी और बेटे के थार कांड पर BJP विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने थमाया कारण बताओ नोटिस

शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस अधिकारी को खुलेआम धमकी देने और बेटे के ‘थार’ एक्सीडेंट मामले में मचे बवाल के बाद भाजपा संगठन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायक लोधी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
विवाद का मामला : थार एक्सीडेंट और अभद्र टिप्पणी
मामले की शुरुआत 16 अप्रैल को हुई, जब विधायक के बेटे दिनेश लोधी ने तेज रफ्तार थार से दो महिलाओं और एक बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 5 लोग घायल हुए थे। जब एसडीओपी (SDOP) आयुष जाखड़ ने कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की और गाड़ी पर लगे अवैध हूटर व काली फिल्म का चालान काटा, तो विधायक बिफर पड़े।
विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एसडीओपी को सीधी चुनौती देते हुए कह रहे हैं “एसडीओपी, यह तेरे डैडी का करैरा नहीं है। अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। अधिकारी अपनी औकात में रहें।” उन्होंने आगे यहां तक कह दिया कि वे 10 हजार लोगों के साथ जाकर अधिकारी के बंगले को गोबर से भरवा देंगे।
दिल्ली तक पहुंची गूंज, नितिन नवीन ने मांगी रिपोर्ट
विधायक द्वारा पुलिस अधिकारी को दी गई धमकी और अभद्र भाषा का मामला दिल्ली तक पहुंच गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मध्य प्रदेश इकाई से इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आलाकमान की सख्ती के बाद ही प्रदेश संगठन ने आनन-फानन में नोटिस जारी करने का निर्णय लिया।
सत्ता और विपक्ष में वार-पलटवार
इस घटनाक्रम को लेकर सियासत भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अब ‘गुंडा पार्टी’ में तब्दील होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक और मंत्री सरेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं और पुलिस प्रशासन को डरा-धमका रहे हैं।
विधायक की सफाई: ‘नोटिस मिलने पर दूंगा जवाब’
इधर, विधायक प्रीतम लोधी ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने खुद पहल कर बेटे पर एफआईआर दर्ज करवाई थी और उसे थाने भेजा था। आधिकारिक नोटिस मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा “मुझे अभी तक लिखित में कोई नोटिस नहीं मिला है। जैसे ही नोटिस प्राप्त होगा, मैं पार्टी के समक्ष अपना पक्ष रखूंगा और उचित जवाब दूंगा।”
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भाजपा अपने इस फायरब्रांड विधायक पर कोई बड़ी दंडात्मक कार्रवाई करेगी या केवल चेतावनी देकर मामला शांत हो जाएगा।
