परहितवाद सेवा संघ ने निभाई मानवता की मिसाल, बिना पिता की बेटी की कराई धूमधाम से शादी

शिवपुरी। आज के समय में जहां लोग अपने ही परिवार तक सीमित रह जाते हैं, वहीं शिवपुरी में परहितवाद सेवा संघ ने मानवता की एक अद्भुत मिसाल पेश की है। संघ ने एक गरीब और असहाय बेटी की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ संपन्न कराई।
जानकारी के अनुसार, नोहरी कलां निवासी मुस्कान शर्मा के पिता का कुछ समय पूर्व निधन हो चुका था, वहीं उनकी माता गंभीर रूप से कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रही हैं। ऐसे कठिन हालात में परिवार के सामने बेटी की शादी एक बड़ी चिंता बन गई थी। जब यह बात परहितवाद सेवा संघ तक पहुंची, तो उन्होंने बिना देर किए इस जिम्मेदारी को अपने कंधों पर उठा लिया। संघ के सदस्यों ने न केवल विवाह की पूरी व्यवस्था की, बल्कि बेटी को आवश्यक गृहस्थी का सामान भी उपहार स्वरूप प्रदान किया।
यह विवाह कार्यक्रम महा सती अनुसुइया आश्रम में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। मुस्कान शर्मा का विवाह नरवर निवासी शिवेंद्र शर्मा के साथ हुआ। बताया गया कि दूल्हे के पिता का भी देहांत हो चुका है, ऐसे में यह विवाह दोनों परिवारों के लिए भावुक और विशेष बन गया। शादी के बाद दोनों ही परिवार गदगद नजर आए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की।
परहितवाद सेवा संघ की इस पहल ने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है कि अगर हम सब मिलकर आगे आएं, तो किसी भी जरूरतमंद की जिंदगी को खुशियों से भरा जा सकता है। यह विवाह न केवल एक सामाजिक कार्य रहा, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी बन गया।
यह कार्यक्रम महासति अनुसुइया आश्रम के महाराज श्री श्री 1008 श्री श्याम सुंदर जी महाराज के सानिध्य में इस समिति के आयोजक सदस्य भटनावर सरपंच संजय अवस्थी, गजानंद उपाध्याय, दामोदर शर्मा, कल्लू पंडित , दीपक शर्मा अमरपुर, परमानंद शर्मा बिलोकला, शशिकांत शर्मा, लालू शर्मा, शीतल पटेल, कुलदीप शर्मा पटवारी, अतुल उपाध्याय, कुश तिवारी, राजवीर शर्मा, विवेक शर्मा, जगदीश कोठारी कपिल शास्त्री योगेश शर्मा लव तिवारी प्रशांत तिवारी गसवानी और जूली शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
