swatantra shivpuri 51

शराब के नशे में ससुर और जेठों ने बहू पर बरसाईं लाठियां, बचाने आई 8 साल की मासूम भी घायल

swatantra shivpuri 51

शिवपुरी। जिले के ख्यावदा कला गांव में ससुर और दो जेठों ने मिलकर एक महिला को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए महिला के पति और 8 वर्षीय बेटी को भी चोटें आई हैं। घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता नेहा जाटव ने बताया कि वह अपने पति महेंद्र जाटव के साथ अलग रहती है। इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। नेहा के ससुर लायकराम जाटव, जेठ विनोद जाटव और राहुल जाटव घर के बाहर शराब पी रहे थे। उन्होंने नेहा को घर का काम न करने को लेकर ताना देना शुरू किया। नेहा ने कहा कि वह अलग रहती है और उनके घर का काम नहीं करेगी। इस पर तीनों आरोपी भड़क गए।

ससुर और दोनों जेठों ने लाठियों से नेहा पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान नेहा की 8 वर्षीय बेटी प्राची अपनी मां को बचाने आई, तो उसे भी चोटें लगीं। पति महेंद्र जाटव भी बीच-बचाव में घायल हो गए।

हमले में नेहा के पैरों और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सिरसौद थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ससुर लायकराम जाटव और दोनों जेठों विनोद जाटव व राहुल जाटव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *