image 19

SHIVPURI NEWS-दोस्तो के साथ नहाने गया था बाबू: तालाब में डूबने से मौत

image 19

शिवपुरी। जिले के बैराड़ तहसील के गोवर्धन थाना क्षेत्र के ग्राम धौरिया में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ गाँव के तालाब में नहाते समय एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धौरिया निवासी बाबू धाकड़ (8 वर्ष) अपने दो अन्य साथियों के साथ खेलते-खेलते गाँव के पास स्थित तालाब पर नहाने के लिए पहुँच गया था। तीनों मासूम पानी में अठखेलियां कर रहे थे, तभी अचानक बाबू का पैर फिसल गया या वह अंदाजा नहीं लगा पाया और गहरे पानी में चला गया। साथियों को उसे डूबता देख चीख-पुकार मचाते देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर दौड़े।

जैसे ही ग्रामीणों को बच्चे के डूबने की भनक लगी, उन्होंने बिना देरी किए तालाब में छलांग लगा दी। काफी खोजबीन और कड़ी मशक्कत के बाद मासूम बाबू को पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर गोवर्धन थाना पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। अचेत अवस्था में बच्चे को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैराड़ ले जाया गया।

बैराड़ अस्पताल में डॉक्टरों ने मासूम को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल शिवपुरी के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन और पुलिस उसे लेकर शिवपुरी की ओर रवाना हुए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। रास्ते में ही मासूम की हालत और बिगड़ गई और अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बाबू धाकड़ पुत्र भूरा उर्फ गजानंद धाकड़ निवासी धौरिया के रूप में हुई है। गोवर्धन थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी है। एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझने से गाँव के हर व्यक्ति की आँखें नम हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *