शिवपुरी में 23 बर्षीय युवक ने गटका जहर: इलाज के दौरान मौत, पिता की पहले ही हो चुकी थी कैंसर से मौत

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौंधा में सोमवार की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 23 वर्षीय एक युवक मनीष जाटव ने अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद देर रात उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे रौंधा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मनीष जाटव की तबीयत अचानक बिगड़ने और जहर खाने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, गांव में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुँचे। मनीष की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन जहर का असर शरीर में ज्यादा फैल जाने के कारण देर रात इलाज के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया।
मृतक मनीष अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरा सदमा दिया है। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि परिवार पहले ही दुखों का पहाड़ झेल रहा था। मनीष के पिता प्रहलाद की करीब छह साल पहले कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी। पिता के जाने के बाद बड़े भाइयों और मनीष पर ही घर की जिम्मेदारी थी, लेकिन अब सबसे छोटे बेटे के चले जाने से घर का चिराग बुझ गया है।
मनीष के आत्मघाती कदम के पीछे का स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। हालांकि, परिजनों के अनुसार मनीष का स्वभाव कुछ चिड़चिड़ा था और वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर गुस्से में आ जाता था। बताया गया है कि एक बार उसने अत्यधिक आवेश में आकर अपना मोबाइल भी तोड़ दिया था। क्या इसी चिड़चिड़ेपन या किसी अंदरूनी मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया, पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर लिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मेडिकल चौकी प्रभारी नंद किशोर गर्ग ने पुष्टि की है कि युवक की मृत्यु जहर के सेवन से हुई है। मामले की विस्तृत डायरी सिरसौद थाना पुलिस को भेजी जा रही है, जो अब खुदकुशी के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।
