मगरौनी के दंगल में कुश्ती के दांव-पेच के बीच भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे, पुलिस चौकी में भी हुआ हंगामा

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना अंतर्गत मगरौनी कस्बे में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मेले के दौरान आयोजित दंगल (कुश्ती) विवाद के अखाड़े में तब्दील हो गया। बीसीसी ग्राउंड में चल रहे दंगल में शुरू हुई मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे मगरौनी के बीसीसी ग्राउंड में मेले का आयोजन चल रहा था। यहाँ दंगल के दौरान कुश्ती के किसी दांव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से शुरू होकर लाठी-डंडों तक पहुँच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर प्रहार किए, जिससे मेले में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई।
मारपीट की इस घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने मगरौनी पुलिस चौकी पहुँचे। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों गुट शांत नहीं हुए और वहाँ भी उनके बीच तीखी नोकझोंक और झड़प शुरू हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख चौकी प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने तत्काल पुलिस बल के साथ हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को खदेड़कर अलग किया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
15 लोगों पर क्रॉस एफआईआर, एक घायल शिवपुरी रेफर
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। पुरानी मगरौनी निवासी राजकुमार गुर्जर की शिकायत पर दूसरे पक्ष के हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस हमले में राजा गुर्जर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी रेफर कर दिया गया है। बहीं गढ़ौली निवासी दीपक उर्फ दीपू गुर्जर की शिकायत पर पहले पक्ष के लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
मगरौनी चौकी प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज नरवर स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
