खनियाधाना में मंगलसूत्र लूटने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक अन्य आरोपी भी दबोचा

शिवपुरी। खबर जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र से है। जहां पुलिस ने अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल क्षेत्र में सक्रिय झपट्टा मार लुटेरों के गिरोह का पर्दाफाश किया है, बल्कि अवैध हथियारों के साथ एक अन्य आरोपी को भी सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पिछले कुछ समय से खनियाधाना बस स्टैंड इलाके में महिलाओं के साथ हो रही लूट की वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। 28 नवंबर 2025 को अचला लोधी और हाल ही में 29 मार्च 2026 को प्रवेश जाटव के गले से अज्ञात बाइक सवार लुटेरे मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए थे। थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के नेतृत्व में टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो लुटेरों के कपड़ों और विशेषकर उनके जूतों के आधार पर उनका हुलिया स्पष्ट हुआ।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर प्रवेन्द्र परिहार (19 वर्ष) को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने चचेरे भाई विजेन्द्र परिहार के साथ मिलकर खनियाधाना बस स्टैंड से दो मंगलसूत्र लूटना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का कट्टा, दो राउंड और लूटा गया पूरा माल बरामद किया गया है। बरामद मसरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि पूछताछ में लुटेरों ने भौती और पिछोर थाना क्षेत्रों में भी दो-दो अन्य वारदातें करना स्वीकार किया है, जिस पर संबंधित थाने अब कार्रवाई कर रहे हैं।
चर्च के पास नीम तलैया से अवैध हथियार के साथ टिंकल गिरफ्तार
लूट के खुलासे के साथ ही खनियाधाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि चर्च के आगे नीम तलैया क्षेत्र में एक युवक अवैध कट्टे के साथ किसी वारदात की नीयत से खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर टिंकल उर्फ कृष्णपाल शर्मा (20 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक पुराना 315 बोर का कट्टा और जेब से जिंदा व मिस राउंड बरामद हुए। आरोपी के पास हथियार का कोई लाइसेंस नहीं था, जिस पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने थपथपाई टीम की पीठ
लूट के मामलों का खुलासा करने और अवैध हथियारों पर कार्रवाई करने वाली टीम के कार्यों को पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ और एएसपी संजीव मुले ने सराहा है। इस पूरी कार्रवाई में खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के साथ सउनि जगदीश बंजारा, रामसिंह भिलाला, प्रआर नरेन्द्र सिंह पाल, नीतू सिंह, हीरा सिंह और आरक्षक अरुण शर्मा, अनूप कुमार, हेमसिंह, उमेश लोधी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
