कोतवाली पुलिस ने जहरीली शराब के साथ शातिर अपराधी अकरम खान दबोचा

शिवपुरी। खबर कोतवाली थाना क्षेत्र से है। जहां पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति सफेद कट्टी में हाथ भट्टी की शराब लेकर उसे बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद बल ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अकरम खान पुत्र इकबाल खान (37 वर्ष), निवासी आजाद नगर लालमाटी बताया। जब उसके पास मौजूद कट्टी की तलाशी ली गई, तो उसमें 4 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब पाई गई। पुलिस ने तुरंत शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अकरम खान एक आदतन और आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 10 गंभीर अपराध दर्ज हैं। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 49क, 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, प्रधान आरक्षक अवतार सिंह, आरक्षक दीपक राठौर और आरक्षक विजय निगम की विशेष भूमिका रही।
