नरवर पुलिस ने टीन-शेड में छिपाकर रखी 2 लाख की अवैध शराब जब्त, तस्कर फरार

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र अंतर्गत मगरौनी चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भदारी में दबिश देकर एक आरोपी के घर के बाहर से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद की है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि मगरौनी चौकी पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम भदारी निवासी सोनू पिता रघुवीर परिहार ने अपने खेत पर बने मकान के बाहर टीन शेड के नीचे अवैध शराब छिपा रखी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा। जैसे ही पुलिस की गाड़ी सोनू के घर के पास पहुंची, वह अपनी बाइक उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने जब टीन शेड की तलाशी ली, तो वहां से देशी और विदेशी शराब की कुल 50 पेटियाँ बरामद हुईं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 465 लीटर बताई जा रही है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया है और आरोपी सोनू परिहार के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
