image 13

कोतवाली पुलिस ने 5 लाख के माल के साथ दो शातिर चोर दबोचे, एक ही रात में की थी दो बड़ी वारदातें

image 13

शिवपुरी। खबर कोतवाली थाना क्षेत्र से है। जहां चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए दो ऐसे शातिर चोरों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है, जिन्होंने शहर की शांति भंग कर रखी थी। इन आरोपियों ने महज एक रात के भीतर एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम और एक ध्यान केंद्र को अपना निशाना बनाया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये का मशरूका (चोरी का सामान) भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि चोरी की ये घटनाएं बीती 27 मार्च को घटित हुई थीं। पहली वारदात में चोरों ने चतुर्भुज अस्पताल के पास स्थित अमित कुमार श्रीवास्तव के इलेक्ट्रॉनिक गोदाम के ताले चटकाकर वहां से तीन कीमती फ्रिज पार कर दिए थे। उसी रात, इन बेखौफ चोरों ने न्यू दर्पण कॉलोनी में स्थित एक ध्यान केंद्र को भी नहीं बख्शा। वहां से एलईडी टीवी, मिक्सर मशीन, भारी-भरकम साउंड सिस्टम और अन्य कीमती सामान बटोर ले गए। पीड़ित अभिनव भटनागर की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश शुरू की थी।

कोतवाली पुलिस की टीम ने इलाके के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मेहनत रंग लाई और 4 अप्रैल को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी चोरी का माल खपाने की फिराक में ग्वालियर बायपास के पास एक लोडिंग वाहन के साथ घूम रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजू कुशवाह (निवासी कोलारस) और देवेन्द्र कुशवाह (निवासी ऐंचवाड़ा, बैराड़) के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 3 फ्रिज, 1 एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम, डिजिटल प्लेयर और पीतल-तांबे की धार्मिक सामग्री सहित वारदात में इस्तेमाल किया गया लोडिंग वाहन जब्त किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजू कुशवाह एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से ही करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी पर्दाफाश किया जा सके। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *