तेंदुआ क्षेत्र में महुआ बीनने गए बुजुर्ग पर भालू का खूनी हमला, ग्वालियर रेफर: वन विभाग की अपील बेअसर

शिवपुरी। खबर जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र से आ रही है, जहाँ शनिवार सुबह कोटा नाका वन परिक्षेत्र के जंगल में महुआ बीनने गए एक बुजुर्ग पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गए। भालू के चंगुल से जैसे-तैसे छूटने के बाद उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोटा नाका गांव निवासी बल्ला जाटव शनिवार सुबह करीब 5 बजे गांव के पास लगे जंगल में महुआ बीनने के लिए निकले थे। वे महुआ इकट्ठा कर ही रहे थे कि झाड़ियों में छिपे एक भालू ने उन पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े और किसी तरह शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। घायल बल्ला जाटव को तुरंत खरई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शिवपुरी और फिर ग्वालियर रेफर किया गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला भी सक्रिय हो गया है। रेंजर गोपाल जाटव ने बताया कि विभाग द्वारा बार-बार ग्रामीणों को गहरे जंगल में न जाने की चेतावनी दी जाती है, इसके बावजूद ग्रामीण महुआ बीनने के लालच में अपनी जान जोखिम में डालकर जंगल पहुँच रहे हैं। रेंजर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल में न जाने की अपील की है। फिलहाल घायल बुजुर्ग की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और ग्वालियर में उनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है।
