लव-मैरिज का खौफनाक अंत: विवाद के बाद पति-पत्नी ने खाया जहर, 12 घंटे में दोनों की मौत; डेढ़ साल की मासूम हुई अनाथ

शिवपुरी। खबर जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र से आ रही है, जहाँ एक दम्पति के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। 1 अप्रैल की रात को हुई एक बहस के बाद 22 वर्षीय पति और 21 वर्षीय पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिला मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुक्रवार रात पहले पत्नी ने दम तोड़ा और उसके ठीक 12 घंटे बाद शनिवार सुबह पति की भी मौत हो गई। इस दोहरी मौत के बाद उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
जानकारी के अनुसार, मायापुर थाना क्षेत्र के तिजारपुर गांव निवासी चंद्रपाल आदिवासी ने करीब तीन साल पहले सावित्री के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों घर से भागकर शादी करने के बाद गांव लौट आए थे और पिछले छह माह से लुकवासा चौकी क्षेत्र में श्रीनाथ होटल के पास स्थित एक कृषि फार्म पर मजदूरी कर रहे थे। 1 अप्रैल की रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद आवेश में आकर दोनों ने अपनी झोपड़ी में ही जहरीली दवा गटक ली। हालत बिगड़ने पर साथी मजदूरों ने उन्हें कोलारस स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
मेडिकल चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। महिला का पोस्टमार्टम तहसीलदार की निगरानी में डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया है, वहीं पुरुष के शव का भी पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल लुकवासा चौकी पुलिस मर्ग डायरी मिलने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद विवाद के असली कारणों और घटना की विस्तृत जांच शुरू की जाएगी। 3 साल पहले जिस प्रेम कहानी की शुरुआत हुई थी, उसका इस तरह दुखद अंत होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
