पोहरी में भीषण अग्निकांड: फायर ब्रिगेड के अभाव में जलकर खाक हुई होटल और दुकानें, 50 लाख से अधिक का नुकसान

शिवपुरी। खबर जिले के पोहरी थाना से आ रही है, जहाँ शनिवार तड़के कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड ने एक प्रसिद्ध होटल, एक किराना गोदाम और एक मोबाइल दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। तड़के करीब 4 बजे भड़की इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते व्यापारियों की जीवन भर की कमाई राख के ढेर में तब्दील हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब पूरा कस्बा सो रहा था, तभी मुख्य चौराहे से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय निवासियों ने तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और पानी की बौछारें डालीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना असंभव हो गया। होटल संचालक हेमंत गर्ग ने बताया कि उनके होटल और किराना दुकान के गोदाम में रखा पूरा कीमती सामान जल गया है, जिससे उन्हें करीब 35 लाख रुपये की भारी क्षति हुई है। वहीं, बगल में स्थित मोबाइल दुकान के संचालक पिंटू लाक्षाकार की दुकान भी पूरी तरह स्वाहा हो गई, जिसमें लगभग 15 लाख रुपये के मोबाइल और एसेसरीज जलने का अनुमान है। कुल मिलाकर इस अग्निकांड में 50 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान बताया जा रहा है।
शिवपुरी से आई फायर ब्रिगेड, तब तक सब खाक
इस घटना ने नगर परिषद पोहरी की लचर व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। आग लगने के तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर फायर ब्रिगेड की तलाश की गई, लेकिन पोहरी में कोई वाहन उपलब्ध नहीं था। मजबूरी में जिला मुख्यालय शिवपुरी से दमकल वाहन बुलाया गया, लेकिन शिवपुरी से पोहरी की दूरी अधिक होने के कारण जब तक वाहन मौके पर पहुँचा, तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
एक साल से बिना फायर ब्रिगेड के ‘राम भरोसे’ पोहरी
गौरतलब है कि पोहरी जैसे बड़े व्यापारिक केंद्र में पिछले एक साल से फायर ब्रिगेड की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। बीते वर्ष भेंसरावन गाँव में आग बुझाने के दौरान पोहरी का एकमात्र फायर वाहन खुद ही जलकर नष्ट हो गया था। तब से लेकर आज तक प्रशासन ने यहाँ नया वाहन उपलब्ध कराने की ज़हमत नहीं उठाई, जिसका खामियाजा आज कस्बे के व्यापारियों को भुगतना पड़ा है। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण अज्ञात है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पोहरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है।
