सोशल मीडिया पर वायरल हुआ चोरी का वीडियो: कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खोज निकाली महिला, सहमति से सुलझा मामला

शिवपुरी। शहर के हृदय स्थल सराफा बाजार स्थित नवाब सर्राफ की दुकान से सोने का पेंडल ले जाने का मामला शुक्रवार को सोशल मीडिया पर छाए एक वीडियो के बाद गरमा गया। हालांकि, शिवपुरी पुलिस की सक्रियता और मानवीय दृष्टिकोण के चलते यह मामला बिना किसी कानूनी उलझन के आपसी सहमति से सुलझ गया।
घटना 3 अप्रैल 2026 दोपहर की है, जब नवाब सर्राफ के काउंटर से एक महिला सोने का पेंडल उठाते हुए सीसीटीवी में कैद हुई। संचालक विपिन सांखला ने पहचान के लिए यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने तत्काल टीमें गठित कीं और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए महिला की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम जब मुखबिर की सूचना पर करोंदी क्षेत्र स्थित महिला के घर पहुँची, तो पता चला कि महिला का पति राकेश शर्मा उसे लेकर पहले ही कोतवाली थाने पहुँच चुका है। राकेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ज्योति मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। दुकान पर टॉप्स सुधरवाने के दौरान उसने अनजाने में 5 ग्राम वजनी पेंडल (कीमत लगभग 70,000 रुपये) उठा लिया था। घर जाकर जैसे ही पति को इसकी जानकारी लगी, वह ईमानदारी दिखाते हुए पत्नी और पेंडल सहित थाने पहुँच गया।
थाने पर महिला के इलाज से जुड़े दस्तावेज देखने और उसकी मानसिक स्थिति समझने के बाद, फरियादी पक्ष (नवाब सर्राफ संचालक) ने उदारता दिखाई। उन्होंने महिला की मनोस्थिति को देखते हुए कोई भी कानूनी कार्रवाई न करने का निवेदन किया। पुलिस की मौजूदगी में 70 हजार रुपये का पेंडल सुरक्षित वापस मिल गया, जिसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से घर रवाना हुए। सराफा व्यापारियों ने पुलिस की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
