सराफा दुकान से महिला ने पार किया सोने का टॉप्स, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत: आधे घंटे में पति ने पुलिस को लौटाया

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में शुक्रवार को एक ज्वेलरी शोरूम में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहाँ नवाब सर्राफ की दुकान पर जेवरात देख रही एक महिला ने बड़ी चतुराई से सोने का एक टॉप्स उठाकर अपनी डिब्बी में रख लिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जब सेल्समैन ने स्टॉक का मिलान किया, तो एक टॉप्स कम मिला, जिसके बाद फुटेज खंगालने पर महिला की करतूत उजागर हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया।
जैसे ही चोरी का खुलासा हुआ, सराफा व्यापारियों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश शुरू ही की थी कि करीब आधे घंटे के भीतर वन विहार निवासी राकेश शर्मा अपनी पत्नी ज्योति के साथ कोतवाली पहुँच गए। उन्होंने दुकान से उठाया गया सोने का टॉप्स पुलिस को सौंप दिया। पति का कहना था कि जैसे ही उसे इस बात की जानकारी लगी, वह तुरंत इसे वापस करने के लिए थाने की ओर चल पड़ा।
कोतवाली में पूछताछ के दौरान राकेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका लंबे समय से इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि वे पत्नी के पुराने टॉप्स ठीक कराने दुकान आए थे और उन्हें बाहर खड़ा किया था, लेकिन वे चुपचाप अंदर आ गईं और यह कदम उठा लिया। पति द्वारा इलाज से जुड़े मेडिकल दस्तावेज पेश किए जाने और व्यापारी की आपसी सहमति के बाद, पुलिस ने टॉप्स वापस दिलाकर मामले को शांत कराया और महिला को भविष्य के लिए सख्त हिदायत देकर जाने दिया।
