बुलेट से सफेद जहर की सप्लाई: करैरा पुलिस ने दबोचा दतिया का तस्कर, 10 लाख की स्मैक जब्त, झांसी की कृतिका निकली मास्टरमाइंड!

शिवपुरी। खबर जिले के करैरा थाना क्षेत्र से आ रही है जहां पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की कीमत करीब 10 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 12 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका भी बरामद किया है। यह कार्रवाई प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार 2 अप्रैल 2026 को थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टोरिया के पास आम रोड पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठा मिला, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीतेश उर्फ भूरा यादव (24) पुत्र जय हिंद यादव निवासी ग्राम जोहरिया थाना उदगंवा जिला दतिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 52 ग्राम स्मैक पाउडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद हुआ। आरोपी से स्मैक रखने का वैध लाइसेंस मांगा गया, जो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक झांसी में रहने वाली कृतिका पुत्री कल्लू पंडित (तिवारी) से खरीदकर लाता था और क्षेत्र में बेचता था। पुलिस ने उक्त महिला को सह-आरोपी मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जप्त मशरूका में 52 ग्राम स्मैक (कीमत लगभग 10.40 लाख रुपये), एक बिना नंबर की काले रंग की Royal Enfield Bullet मोटरसाइकिल (कीमत करीब 2 लाख रुपये) तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत करीब 10 हजार रुपये) शामिल है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, उप निरीक्षक चरण सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर, चालक रामअवतार गुर्जर, संदीप चौहान एवं राघवेन्द्र पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
