धैर्यवर्धन शर्मा भाजपा के नए प्रदेश प्रवक्ता, हरियाणा से बंगाल तक दिखा चुके हैं सांगठनिक कौशल

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई टीम में शिवपुरी के वरिष्ठ नेता धैर्यवर्धन शर्मा को मध्य प्रदेश का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त कर एक अनुभवी और प्रखर चेहरे पर भरोसा जताया है। संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और चुनावी प्रबंधन में माहिर माने जाने वाले धैर्यवर्धन शर्मा का राजनैतिक और सामाजिक जीवन पिछले तीन दशकों से निरंतर सक्रिय रहा है।
पार्षद से शुरू किया सफर, कांग्रेस के गढ़ में लहराया था परचम
5 नवंबर 1972 को जन्मे धैर्यवर्धन शर्मा (B.A., LL.B.) ने जमीनी स्तर से अपनी राजनीति की शुरुआत की। वर्ष 1999 में उन्होंने शिवपुरी नगर पालिका परिषद के चुनाव में कांग्रेस की परंपरागत सीट पर जीत हासिल कर न केवल भाजपा का परचम लहराया, बल्कि अपनी राजनैतिक धमक भी दिखाई। इसके बाद उन्होंने संगठन में पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1998 में वे भाजयुमो के जिला अध्यक्ष रहे, तो 2006 में भाजपा जिला महामंत्री और 2009 में भाजयुमो के प्रदेश मंत्री के रूप में युवाओं को नेतृत्व प्रदान किया।
चुनावी चाणक्य: हरियाणा से लेकर पश्चिम बंगाल तक निभाई जिम्मेदारी
पार्टी ने धैर्यवर्धन शर्मा की रणनीतिक कुशलता को देखते हुए उन्हें केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के चुनावों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने हरियाणा में कालका (2014) और सोनीपत (2019) विधानसभा चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाई। पश्चिम बंगाल के आसनसोल (2016) चुनाव में संगठन को मजबूती दी। मध्य प्रदेश के मांगरोल और बड़वाड़ा (2017) के विधानसभा चुनावों में प्रभारी के रूप में मोर्चा संभाला। इसके अलावा शिवपुरी जिले के 2008 विधानसभा और 2009 लोकसभा चुनावों में उनकी सक्रियता जगजाहिर रही है।
सामाजिक सरोकार और प्रशासनिक अनुभव
राजनैतिक पदों के साथ-साथ धैर्यवर्धन शर्मा सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में भी सक्रिय रहे हैं। वे शिवपुरी जिला जेल समिति के सदस्य (2009), शांति एवं सद्भावना समिति (2010) और कोरोना काल में 2021 में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के महत्वपूर्ण सदस्य रहे। हाल ही में उन्होंने पश्चिम रेलवे की जोनल रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति (ZRUCC) के सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण किया है।
संगठन के प्रति निष्ठा का मिला फल
वर्ष 2016 में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और 2018 में प्रदेश प्रवक्ता पैनलिस्ट के रूप में कार्य कर चुके शर्मा को अब पूर्णकालिक ‘प्रदेश प्रवक्ता’ की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उनकी इस नियुक्ति को उनकी दीर्घकालिक तपस्या और सांगठनिक कौशल का प्रतिफल माना जा रहा है।
उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शिवपुरी के स्नेहीजनों में हर्ष व्याप्त है और सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
