शिवपुरी में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, महिला व मासूम की मौत

शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस क्षेत्र से है। जहां शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे एक महिला और 7 साल के बच्चे की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि पीड़ित परिवार बारां जिले के खेड़ली गांव का रहने वाला बंजारा समुदाय से है। यह परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस क्षेत्र में भूसा खरीदने आया था। बंजारा परिवार खेतों में अस्थायी डेरा डालकर गांव-गांव घूमते हुए भूसा खरीदते हैं और ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से उसे एकत्रित कर बाद में बेचते हैं।
शुक्रवार सुबह टोल टैक्स के पास बने डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा लेने के लिए निकली थीं। आगे चल रही ट्रॉली देहरदा गांव से कच्चे रास्ते होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के ऊंचे पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे पूरी ट्रॉली में करंट फैल गया और यह भीषण हादसा हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
