हनुमान जयंती पर शिवपुरी पुलिस सतर्क: शांति व्यवस्था के लिए शहरभर में फ्लैग मार्च, लोगों से सहयोग की अपील

शिवपुरी। आगामी हनुमान जयंती पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शिवपुरी पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने जहां अपनी उपस्थिति का अहसास कराया, वहीं आमजन से शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा फ्लैग मार्च से पूर्व ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिए गए कि हनुमान जयंती के दौरान जिले में निकलने वाले चल समारोह, धार्मिक आयोजन एवं जुलूसों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, आयोजकों से समन्वय बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस बल थाना कोतवाली से रवाना होकर कस्टम गेट, निचला बाजार, टेकरी बाजार, सराफा बाजार, गांधी चौक, माधव चौक, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड, अग्रसेन तिराहा, जिला अस्पताल चौराहा होते हुए पुनः कोतवाली पहुंचा, जहां फ्लैग मार्च का समापन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की सक्रियता और अनुशासन देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक श्री राठौड़ ने निर्देश दिए कि जिले के कोलारस, बदरवास, रन्नौद, इंदार, खनियाधाना, करैरा, नरवर एवं मगरौनी सहित सभी थाना क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा लगातार फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे। इसके साथ ही पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद कर उन्हें शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया। लोगों को समझाइश दी गई कि त्योहार को मिल-जुलकर मनाएं और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाह पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक के साथ रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी देहात, थाना प्रभारी फिजिकल, थाना प्रभारी यातायात, थाना प्रभारी अजाक सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस लाइन से सूबेदार तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे आयोजन के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई और आमजन ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया।
