swatantra shivpuri 1

कोतवाली पुलिस की नाक के नीचे नशे का खुला खेल: टाईगर सुपर डीजे का गौरखधंधा चरम पर, क्या खाकी ने फेर ली है नजरें?

swatantra shivpuri 1

प्रिंस प्रजापति@शिवपुरी। खबर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से है। जहां गांजे का कारोबार पुलिस की नाक के नीचे जारी है। यहां खुलेआम गांजे जैसे मादक पदार्थ का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। यह कारोबार कोई नया शुरू नहीं हुआ। यह कारोबार लंबे समय से शहर के दिल के पास ही बेचा जा रहा है। भांग के ठेके के नाम पर गांजा ​की तस्करी की जा रही है। इतना ही नहीं अब तो एक नई दुकान भी खुल चुकी है। जहां परचूने की दुकान में गांजे का कारोबार जारी है। पर क्या मजाल जो पुलिस के कानों तक जूं रेंग जाएं। इस सबसे यह प्रतीत होता है कि कोतवाली पुलिस की मिलीभगत से यह कारोबार फल-फूल रहा है।

भांग के ठेके की आड़ में काले कारोबार का साम्राज्य
हैरानी की बात यह है कि यह गोरखधंधा कोई नया नहीं है। जानकारी के अनुसार जनसंपर्क कार्यालय के ठीक सामने स्थित भांग के ठेके की आड़ में लंबे समय से गांजे की तस्करी की जा रही है। जहां प्रशासन की पैनी नजर होनी चाहिए, वहां बेखौफ होकर गांजे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। दिनदहाड़े बीच बाजार में नशे का सामान बेचा जा रहा है। मात्र 30 रुपये की पुड़िया से लेकर हजारों रुपये ​तक का गांजा यहाँ आसानी से उपलब्ध है। हद तो तब हो गई जब इन कारोबारियों ने अब पास ही में टाईगर सुपर डीजे के नाम से एक परचून की दुकान खोल ली है, जिसकी आड़ में बड़े पैमाने पर गांजा खपाया जा रहा है। यहां लंबे समय से यह गौरखधंधा चल रहा है यह बात समझ से परे है कि पुलिस बौना बनकर बैठी है।

वीडियो ने खोली पोल: ₹30 में बिक रहा जहर
जनसंर्पक कार्यालय के सामने स्थित भांग के ठेके के पास परचून की दुकान पर गांजा बेचने के इस पूरे मामले का एक सनसनीखेज वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दुकानदार को कानून का जरा भी खौफ नहीं है। वह बेधड़क होकर ₹30 में कागज की पुड़िया में गांजा थमा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर तमाचा जड़ रहा है।

क्या यह मिलीभगत का परिणाम है?
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि आखिर कोतवाली पुलिस के कानों तक जूं क्यों नहीं रेंग रही? क्या पुलिस बौनी साबित हो रही है या फिर इन अवैध कारोबारियों को किसी बड़े रसूखदार का संरक्षण प्राप्त है? चर्चा तो यह भी है कि पुलिस की जेब तक पहुंचने वाली मोटी रकम ने ही इन तस्करों के हौसले बुलंद कर रखे हैं। जिस कारण इन कारोबारियों पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

देर रात तक सजती है महफिल
यह काला कारोबार सिर्फ दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि देर रात तक इन दुकानों पर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के सामने आने के बाद आला अधिकारी कुंभकर्णी नींद से जागते हैं या फिर शिवपुरी का दिल इसी तरह नशे की गिरफ्त में घुटता रहेगा।

​शहर में स्मैक का कारोबार भी चरम पर है। आज शहर के गुना बायपास क्षेत्र में खंडहरनुमा मकान में एक युवक की लाश मिली है। यहां इस युवक की मौत के पीछे भी नशे का आदी होने का कारण सामने आया है। लेकिन इस बात की प्रमाणिक पुष्टी नहीं हो पाई है। शहर इस समय नशे की ज​कड़ में है और पुलिस हाथ पर हाथ रखकर बैठी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *