मां निहाल देवी के दरबार के लिए भव्य चुनरी यात्रा रवाना, 121 मीटर लंबी चुनरी के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब, 65 किलोमीटर का सफर कर कल पहुंचेगी मां के दरबार

शिवपुरी जिले के बदरवास जनपद के खतौरा गांव से आज रविवार को भक्तिमय माहौल में भव्य चुनरी यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह चुनरी यात्रा स्कूल वाली माता मंदिर से मां निहाल देवी के दरबार के लिए रवाना हुई। सुबह से ही गांव में भक्तों का तांता लगा रहा। जगह-जगह माताजी के जयकारों के साथ भक्तों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान डीजे की धुनों पर माता के भजनों की गूंज से पूरा रास्ता भक्तिमय हो गया। इस चुनरी यात्रा की सबसे खास बात यह है कि इसमें 121 मीटर लंबी चुनरी को मां के चरणों में अर्पित किया जाएगा। यात्रा में करीब 500 श्रद्धालु, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हैं, माता रानी के जयकारों के साथ पैदल चल रहे हैं।
भक्तों ने बताया कि यह यात्रा सुख, समृद्धि और शांति की कामना के साथ हर वर्ष निकाली जाती है। इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। चुनरी यात्रा के दौरान जगह-जगह भक्तों के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
यह यात्रा लगभग 65 किलोमीटर की दूरी तय कर कल सोमवार को मां निहाल देवी के दरबार पहुंचेगी, जहां भक्त चुनरी चढ़ाकर मां से मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।
