2

शिवपुरी जिले की मगरौनी मंडी में किसानों का धरना, व्यापारियों पर धान खरीदी में धोखाधड़ी के आरोप

2

शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के अंतर्गत आने वाली मगरौनी अनाज मंडी में मंगलवार को किसानों ने व्यापारियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि मंडी में धान खरीदी के दौरान व्यापारियों द्वारा किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे से किसान मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि व्यापारी उन्हें धान खरीदी की कच्ची रसीद देकर फसल की तौल के समय गुणवत्ता के नाम पर धान खराब बताकर कम दाम दे रहे हैं। इस धोखाधड़ी के खिलाफ किसान लामबंद हो गए और मंडी परिसर में नारेबाजी करने लगे।

धरने को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजय हर्षाना स्वयं किसानों के साथ धरने पर बैठे और किसानों की मांगों का समर्थन किया। करीब ढाई घंटे चले इस धरने के दौरान मंडी में माहौल तनावपूर्ण रहा।

किसान छन्नू रावत ने बताया कि वे अपनी धान की फसल लेकर मगरौनी मंडी पहुंचे थे। यहां चौबे ट्रेडर्स के व्यापारी ने 2200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उनकी फसल खरीदने की बात कही और एक सादा कागज पर भाव लिखकर दे दिया, लेकिन जब फसल की तौल की बारी आई तो व्यापारी ने 2200 रुपए का भाव देने से इनकार कर दिया।

वहीं, किसान कृपाल सिंह सोलंकी ने आरोप लगाया कि मगरौनी मंडी में पिछले कई दिनों से व्यापारी किसानों को ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद मंडी प्रबंधन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा था, इसलिए मजबूर होकर किसानों को धरना देना पड़ा।

सूचना मिलने पर नरवर तहसीलदार ओमप्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने बताया कि मंडी सचिव द्वारा चौबे ट्रेडर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।

धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजय हर्षाना ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं की गई और किसानों को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *