12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर किया सुसाईड: शादीशुदा महिला पर मोहब्बत के मायाजाल में फंसाकर पैसों की मांग का आरोप

शिवपुरी। फिजिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सनसनीखेज मामला सामने आया। साइंस कॉलेज रोड पर किराए के कमरे में रह रहे 18 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक महेंद्र आदिवासी (निवासी आमोलपठा) 12वीं का छात्र था। पुलिस ने शव बरामद कर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया।
शुक्रवार रात दिखा खौफनाक मंजर
मकान मालिक ने बताया कि महेंद्र दिनभर कमरे से बाहर नहीं निकला। रात करीब 10 बजे खिड़की से झांका तो अंदर का नजारा देख होश उड़ गए। छात्र का शव फंदे पर झूल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
बहन का आरोप – महिला ने प्रेमजाल में फंसाया, पैसों की मांग करती थी
मृतक की बड़ी बहन संजू का कहना है कि महेंद्र पहले फिजिकल क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के यहां किराए से रहता था। इसी दौरान महिला ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और पैसों की मांग करने लगी। प्रताड़ना से तंग आकर महेंद्र ने कमरा बदल लिया था। बहन का आरोप है कि घटना वाले दिन वही महिला उसके नए कमरे पर आई थी और विवाद हुआ। इसके बाद महेंद्र ने जान दे दी।
विवाहिता का पलटवार – शादी के लिए दबाव डाल रहा था छात्र
उधर, आरोपों से घिरी महिला ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि महेंद्र उससे शादी के लिए दबाव डाल रहा था। उसने साफ मना कर दिया कि वह शादीशुदा है और दो बच्चों की मां है। इसी बहस के बाद वह वहां से लौट आई थी।
पुलिस की जांच शुरू
फिजिकल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के आधार पर पूरे मामले की परतें खोलनी हैं।