Picsart 25 09 08 20 13 44 775

ससुराल में फांसी के फंदे पर मिली 21 बर्षीय नव-विवाहिता की लाश, मायके ने दामाद पर जड़ा आरोप, हत्या या खुदकुशी?

Picsart 25 09 08 20 13 44 775

शिवपुरी। शहर के फतेहपुर क्षेत्र स्थित 27 नंबर कोठी पर सोमवार सुबह एक 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका का नाम हफीसा शाक्य पत्नी आकाश शाक्य बताया गया है। घटना को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बयान पूरी तरह अलग-अलग सामने आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे हफीसा अपने ही कमरे में फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मृतका की मां ममता शाक्य ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम उनकी बेटी और दामाद पटा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते समय आकाश शराब के नशे में था और रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ। देर रात हफीसा ने फोन कर कहा कि उसका पति उससे झगड़ा कर रहा है, इसके बाद फोन कट गया। सुबह सूचना मिली कि हफीसा ने फांसी लगा ली है। ममता शाक्य का आरोप है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, बल्कि आकाश ने शराब के नशे में उसकी हत्या कर उसे फंदे पर लटका दिया है।

वहीं, पति आकाश शाक्य ने सभी आरोपों से इंकार किया है। उसका कहना है कि सुबह मां ने फोन कर बताया कि हफीसा दरवाजा नहीं खोल रही। वह घर आया और गेट तोड़कर अंदर गया, तो देखा कि पत्नी फांसी पर लटकी हुई है। उसने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय घर में पति और सास दोनों मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *