मेडीकल कॉलेज में रेखा लोधी की तो सरजापुर में छोटी यादव की संदिग्ध मौत, दोनों ने ससुरालियों पर लगाए आरोप, 6 साल के बेटे ने कहा मां को जबरन जहर खिलाया है

शिवपुरी। खबर मेडीकल कॉलेज से है जहां बेदमऊ गांव में 25 वर्षीय रामदेवी उर्फ रेखा लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतका के 6 वर्षीय बेटे नैतिक का आरोप है कि उसके ताऊ देवेंद्र लोधी और ताई रेखा लोधी ने पहले उसकी मां के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने मां को जबरन जहर की गोलियां खिलाईं। पैसों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका के भाई नीरज लोधी का कहना है कि ससुराल पक्ष पैसों के लिए उनकी बहन को प्रताड़ित करता था। रामदेवी की शादी 8 साल पहले चंद्रभान लोधी से हुई थी। गुरुवार सुबह उसे अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया। ससुराल पक्ष ने शुरुआत में यह कहा था कि उसने जहरीली गोली खाई है।
मृतका के मायके वाले मेडिकल कॉलेज पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रन्नौद थाना पुलिस बच्चे के बयान और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है।
सरजापुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर मारपीट के आरोप
वहीं नवविवाहिता की मौत का एक और मामला सामने आया है। कोलारस थाना क्षेत्र के सरजापुर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका छोटी यादव पत्नी लाखन यादव को बुधवार रात सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उसकी नाक से खून आने लगा। परिजन उसे कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।