ससुराल में शादी में शामिल होने आए दामाद की ट्रेक्टर ट्रॉली के नीेचे दबने से मौत: 2 घायल

शिवपुरी। खबर जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र से आ रही है। जहां रातिकिरार गांव के पास रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहना का रहने वाला नवीन शाक्य पुत्र बबलू शाक्य (35) सिरसौद थाना क्षेत्र पहाड़ी बसई गांव अपनी ससुराल शादी समारोह में शामिल होने आया था। रविवार को नवीन शाक्य और उसके ससुराल पक्ष के 4 युवक शादी समारोह संपन्न होने के बाद टेंट और डीजे के सामान को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर मुड़ेरी गांव वापस करने जा रहे थे।
इसी दौरान रातिकिरार गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे जाकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे नवीन शाक्य दब गया था। जिसे ग्रामीणों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचया था। लेकिन डॉक्टरों से नवीन को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
