पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है, 6 साल से घर नहीं आया: ससुरालजन बच्चों के साथ घर से निकालना चाहते हैं, माधवचौक पर धरने पर बैठी महिला

शिवपुरी। खबर शहर के माधव चौक से आ रही है। जहां एक महिला बच्चों के साथ धरने पर बैठ गई है। धरने पर बैैठी महिला ने बताया कि उसका पति 6 साल से उससे मिलने नहीं आया और मुझे घर से भगाने के लिए ससुरालजनों का सहयोग ले रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस महिला को साथ ले गई है। इस मामले में महिला ने पहले भी ससुरालियों की शिकायत दर्ज करायी थी।
जानकारी के अनुसार माधव चौक पर धरने पर बैठी रायश्री गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति किसी प्लांट में काम करता है और वहीं किसी अन्य महिला के साथ रहता है। बह बीते 6 साल से घर नहीं आया है। हमारे 4 बच्चे हैं, पति खाना-खर्चा भी नहीं देता है।
पति के कहने पर सास-ससुर और देवर उसे घर से निकालना चाहते हैं। वे मारपीट करते हैं। ससुरालवाले भी पति का साथ दे रहे हैं। सभी चाहते हैं कि मैं और मेरे बच्चे घर छोड़ कर चले जाएं, जिससे पति उस महिला के साथ घर आकर रहने लगे।
महिला ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार देहात थाना में दर्ज कराई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी के चलते आज वह न्याय की गुहार लगाने सड़क पर आकर बैठ गई।
इस मामले में देहात थाना प्रभारी जीतेन्द्र मावई ने बताया कि महिला की शिकायत पर कुछ दिन पहले ससुरालियों पर मामला दर्ज किया था। ससुराल के कुछ सदस्य जेल भी गए, अभी जमानत पर बाहर हैं। महिला से पूछताछ की जा रही है। ऐसे में अगर पुनः मारपीट हुई होगी तो विवेचना कर मामला दर्ज किया जाएगा।