फांसी पर लटकी मिली 22 वर्षीय महिला,परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

बैराड। खबर जिले के बैराड थाना क्षेत्र के ग्राम बेहवलपुर से आ रही है। जहां आज एक महिला की लाश उसी के घर में फांसी के फंदे पर लटकती मिली है। इस मामले की सूचना महिला के पति ने उसके मायके बालों को दी और वह तत्काल वहां पहुंचे। उसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार लाखा मोगिया उम्र 22 साल की शादी 2 वर्ष पहले बैराड़ के बेहवलपुर गांव के रहने वाले सोनू मोगिया के साथ हुई थी। नवविवाहिता लाखा के पिता मोहर सिंह ने बताया कि उसकी बेटी को उसके ससुराल वाले शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने लगे थे। उसका पति सोनू मोगिया उसके साथ मारपीट करने लगा था, जिसके बाद से वह अपने मायके रह रही थी। 10 दिन पहले सोनू मोगिया उसकी बेटी लाखा को मायके से अपनी ससुराल ले आया था। बीते दिन उसके साथ उसके पति ने मारपीट की थी।
मृतका के पिता मोहर सिंह ने बताया कि उसके बड़े भाई की बेटी की भी इसी परिवार में शादी हुई थी। बड़ी बेटी ने ही बताया था कि लाखा का पति सोनू उसके साथ मारपीट करता है। बीते रोज भी सोनू ने लाखा के साथ जमकर लात घूसों से मारपीट की थी, जिसके बाद उसका शव बीते रात घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
मोहर सिंह का आरोप है कि उसकी बेटी लाखा के साथ उसके पति व उसकी सास ज्ञान भाई ने पहले मारपीट की। जिसके बाद उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। पिता की शिकायत पर बैराड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।