नहाते समय बच्चा करंट की चपेट में आ गया, बच्चे को बचाने मां ने खुद की जान गवां दी,दोनो की मौत

शिवपुरी। खबर जिले के मायापुर थाना क्षेत्र से आ रही है। मां की ममता के कई उदाहरण तो आपने देखे ही होंगे परंतु एक मामला आज प्रकाश में आया है, जिसने मां की ममता का बड़ा उदाहरण पेश किया है। अपने मासूम बेटे को बचाने एक मां ने अपनी जान भी दाव पर लगा दी। हालांकि मां बेटे को बचाने में सफल नहीं हो सकी और दोनो की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी का एक परिवार मजदूरी करने शिवपुरी जिले से अशोकनगर गया था। नहाते समय बेटे को करंट लग गया। बचाने आई मां को भी करंट का झटका लगा। दोनों बुरी तरह झूलस गए। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। घटना चंदेरी थाना क्षेत्र के सुनपुरा गांव की है।
शिवपुरी के मायापुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव से मनीराम आदिवासी एक महीने पहले अपनी पत्नी यशोदा उम्र 27 साल और कल्याण उम्र 4 साल को लेकर सुनपुरा गांव मजदूरी करने आए थे। परिवार यहां खेतों पर ही रुका था। गुरुवार सुबह मां-बेटे नहा रहे थे। इसी दौरान (डोरी) बिजली के तार से संपर्क में आने पर बेटे को करंट का झटका लगा। इसे देख मां बेटे को बचाने के लिए दौड़ी। बचाने के दौरान मां भी करंट की चपेट में आ गई।
कुछ देर बाद पति मौके पर पहुंचा तो दोनों जमीन पर पड़े थे। इसके बाद पति ने खेत के मालिक को इसकी सूचना दी। वहां लोग पहुंचे। करंट से झूलसे मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी मौत हो गई।