भाजपा की नगर पालिका अध्यक्ष और CMO के खिलाफ शिकायतें लेकर सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे भाजपा के 10 पार्षद

शिवपुरी। इन दिनों शिवपुरी नगर पालिका की चर्चा पूरे जिले में समझे ज्यादा चर्चित है। यहां खुलेआम अधिकारी कर्मचारी मिलकर नगर पालिका को लूटने में लगे हुए है। अनुमान लगाया जा रहा था कि नई नगर पालिका के गठन के बाद शायद हालात सुधर जाएंगे। परंतु ढांक के तीन पात शिवपुरी की नगर पालिका निकली।
शिवपुरी में नगर पालिका परिषद बनने के बाद से ही लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। अब भाजपा के पार्षद ही अपनी पार्टी की अध्यक्ष के विरोध में लामबंद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को आठ से 10 पार्षद इकठ्ठे होकर यशोधरा राजे सिंधिया के कार्यालय पर पहुंच गए और एक शिकायती आवेदन सौंपा।
पार्षदों का कहना था कि उनकी नगर पालिका में सुनवाई नहीं हो रही है। पार्षदों का कहना था कि हमने जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं कर पा रहे हैं। वार्ड में मूलभूत समस्याओं को दूर नहीं कर पा रहे हैं जिसके कारण वार्ड में निकलने में शर्म आ रही है। इस पर खेल मंत्री ने पार्षदों से फोन पर बात की और कहा कि वे सभी से बैठकर इस बारे में चर्चा करेंगी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पार्षद वेदांश सविता, रीना कुलदीप शर्मा, राम सिंह यादव, प्रदीप शर्मा, नीलम बघेल, राजा यादव, रत्नेश जैन डिंपल, सरोज धाकड़, पार्षद पति श्यामलाल शाक्य आदि सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि वार्ड में सफाई नहीं हो रही है, लाइटों की व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका में कर्मचारी हमारी सुनवाई नहीं करते हैं। इस दौरान कुछ पार्षदों ने अध्यक्ष के व्यवहार की शिकायत भी की। इसके बाद खेल मंत्री ने फोन पर सभी से बात की और 31 जुलाई को सभी से वन-टू-वन चर्चा की बात कही। एक पार्षद ने बताया कि महाराज ने बात करते हुए कहा कि मुझे सब पता है कि शिवपुरी में क्या चल रहा है। एक पार्षद के विषय में पूछा भी कि वह नहीं आया होगा क्योंकि उसके वार्ड में तो सब काम चल रहे हैं। इसके बाद उन्होंने 31 जुलाई को अपने दौरे पर सभी से वन-टू-वन चर्चा कर समस्याएं सुनने का वादा किया। इसके बाद पार्षद आवेदन देकर लौट गए।
ReplyForward |