ट्रेक्टर के बोनट पर बैठकर जा रही थी 25 वर्षीय वर्षा,रास्ते में गिरी और पहिए के नीचे आ गई,मौत

करैरा। खबर जिले के करैरा अनुविभाग के अमोला थाना क्षेत्र के दीवट दिदावली गांव से आ रही है। जहां बीती शाम खेत से काम कर लौटते समय एक महिला ट्रैक्टर के बोनट से गिर गई और वह पहिए के नीचे आ गई। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले की सूचना पर मृतिका के मायके पक्ष के लोग गांव में पहुंचे और ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। हांलाकि बाद में जब इन्हें समझाया तो फिर दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
जानकारी के अनुसार वर्षा पत्नी मुकेश पाल उम्र 25 साल निवासी दीवट दिदावली बीती रात अपने खेत से भूसा भरवाकर ट्रैक्टर पर बैठकर घर लौट रही थी। तभी ऊबड़ खाबड़ रास्ते में ट्रैक्टर की बोनट से महिला का संतुलन बिगड गया और महिला ट्रेक्टर से गिरकर बडे पहिए के नीचे आ गई। इस दौरान महिला के शरीर पर पहले ट्रैक्टर का पहिया शरीर पर चढ़ा, फिर ट्रॉली का पहिया भी शरीर से गुजर गया। पहियों के नीचे कुचलने से वर्षा पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
ससुराल पक्ष ने मायके वालों को ग्राम दोंद तहसील झांसी सूचना दे दी। रविवार को शव पीएम के लिए करैरा भिजवा दिया। इधर मायके पक्ष की ओर से महिलाएं, बच्चे व पुरुष अमोला थाने आ गए। पीएम के बाद शव सीधे थाने लाए और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। थाना प्रभारी संतोष भार्गव ने कहा कि पहले अंत्येष्टि करवा दें, फिर इत्मीनान से सुनवाई कर कार्रवाई करेंगे। आश्वासन के बाद अंत्येष्टि करा दी। करैरा विधायक प्रागीलाल दीवट गांव पहुंच गए। विधायक के हस्तक्षेप के बाद मायके पक्ष के लोगों ने विरोध बंद कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।