अचानक मौसम ने ली अंगडाई: पारा 32 पर पहुंचा,सर्दी खत्म , फैन चालू, स्वास्थ्य पर पडेगा प्रभाव

शिवपुरी। बीते दो से तीन दिन से शिवपुरी में अचानक मौसम बदलता हुआ दिखाई दिया है। अचानक मौसम में हुए बदलाब के चलते पारे में भी एक दम उछाल देखने को मिला है। बीते 24 घंटे का पारा अधिकतम 32 डिग्री पर जा पहुंचा है। पारे में आए एक दम उछाल से अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर देखने को मिलेगा। यह पूरी घटना ग्लोबल वार्मिंग की वजह से हो रही है। जिसके चलते मौसम में एक दम बदलाब देखने को मिला है। लोगों ने अपने स्वेटर उतार दिए है और अब चार माह से बंद पडे पंखे भी चालू हो गए है।
शिवपुरी शहर में शुक्रवार को अधिकतम पारा 32.6 डिग्री और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि 24 घंटे पहले अधिकतम पारा 30.5 और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं 10 फरवरी 2022 को अधिकतम पारा 20 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस था। पिछले साल से ही तुलना करें तो तापमान में काफी इजाफा हुआ है। जिसके चलते अब मौसम में हुए बदलाब से लोगों के स्वास्थ्य पर अंतर पढना तय है।
तेज धूप की वजह से सरसों फसल तेजी से पकना शुरू हो गई है। जिले में कई जगह सरसों की कटाई चलने के साथ मंडी में बिकने भी आने लगी है। वहीं गेहूं, चना, सरसों, मटर आदि फसल भी जल्द पकने लगेगी। जिससे उत्पादन घटना लाजमी है। तापमान बढ़ने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मेडीकल कॉलेज में पदस्थ डॉ रीतेश यादव ने बताया हैं कि मौसम में हुए बदलाब के चलते एक साथ खांसी और जुखाम के मरीजों में इजाफा हुआ है। इससे बचने के लिए एक दम से गर्म कपडे नहीं छोडना है। अगर गर्म कपडे छोडते है तो फिर सर्दी जुखाम की शिकायतें बढना तय है।