संविदा स्वास्थ्यकर्मीयों की हडताल का 10 वां दिन: 8 कर्मचारीयों को जेल में डालने से नाराज कर्मचारीयों ने मनाया काला दिवस

शिवपुरी। जिले में बीते 10 दिन से संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हडताल जारी है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे है। इसे लेकर आज 10 वें दिन उन्होंने 8 कर्मचारीयों को जेल में डालने को लेकर आज की हडताल को काला दिवस के रूप में मनाया। शिवपुरी शहर के माधव चौक पर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने प्रेसवार्ता की। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विवेक पचौरी ने बताया की संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की दो सूत्रीय मांगे जब तक पूरी नहीं की जाएंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विवेक पचौरी ने बताया कि सरकार संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल जबरन समाप्त कराना चाहती है। भोपाल के जेपी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी को संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहा था। इस पर 8 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को जेल में डाल दिया गया। इसलिए आज सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी काला दिवस मना रहे हैं।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया किया कर मध्यप्रदेश सरकार जेल भेजे गए 8 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को रिहा नहीं करती तो 27 दिसंबर से मध्यप्रदेश के सभी 52 जिलों में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के द्वारा जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश के सभी सविंदा स्वास्थ्य कर्मचारी जब तक अपनी दो सूत्री मांगों को सरकार से नहीं मनवा लेते तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
गौरतलब है कि 15 दिसंबर से संविदा स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इसकी वजह से जिले के स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र पर व्यवस्थाएं चरमराई हुई है। जिले में दो सौ से भी ज्यादा उप स्वास्थ्य केंद्रों पर ताले लटके हुए थे ग्रामीण अंचल में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।