शिवपुरी: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मक्का कटवाने के लिए मजदूर तलाशने गया था

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई। राई रोड पर सिंघराई और बैंटरा गांव के बीच मुक्तिधाम के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मक्का की फसल कटवाने के लिए गया था युवक
मृतक की पहचान बैंटरा गांव निवासी फेरन पिता नत्थू राम धाकड़ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, फेरन मक्का की फसल कटवाने के लिए मजदूरों की तलाश में सिंघराई गांव गया था। वहां से बाइक पर अपने गांव लौटते समय रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
पुलिस जुटा रही अज्ञात वाहन की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
