1005488488

शिवपुरी में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का समापन, SP यांगचेन डोलकर भूटिया ने 5 किमी दौड़कर दिया नशामुक्ति का संदेश

1005488488

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस द्वारा पिछले 15 दिनों से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का गुरुवार सुबह भव्य समापन मिनी मैराथन के साथ हुआ। पोलो ग्राउंड से शुरू हुई 5 किलोमीटर लंबी मैराथन में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया स्वयं शामिल हुईं और पुलिस अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों तथा शहरवासियों के साथ पूरी दूरी तय कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। एसपी की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। हालांकि, इस दौरान शहर के किसी भी थाना प्रभारी के मैराथन में शामिल न होने की चर्चा भी लोगों के बीच रही।

शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरी 5 किलोमीटर की मैराथन

सुबह 6 बजे पोलो ग्राउंड से शुरू हुई मैराथन तात्या टोपे स्मारक, गुरुद्वारा चौराहा, माधव चौक, कमलागंज, वीआईपी रोड, गांधी कॉलोनी, कस्टम गेट, अस्पताल चौराहा, रोटरी चौराहा, कलेक्ट्रेट रोड और एमएम चौराहा होते हुए महल के सामने से वापस पोलो ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।

पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में शहरवासी इस दौड़ का हिस्सा बने।

एसपी ने दिया नशामुक्ति का संदेश

मैराथन के दौरान पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना है।

प्रतिभागियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” संदेश के साथ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

विजेताओं को नकद पुरस्कार और शील्ड

शिवपुरी सराफा एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹5,500, द्वितीय स्थान पर ₹3,300 और तृतीय स्थान पर ₹2,200 की नकद राशि के साथ शील्ड प्रदान की गई।

15 दिन तक चला जनजागरूकता अभियान

शिवपुरी पुलिस ने 15 जुलाई से जिलेभर में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान शुरू किया था। अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियां, खेल प्रतियोगिताएं, शपथ समारोह, नुक्कड़ नाटक और जनसंपर्क अभियान आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

जनभागीदारी बनी अभियान की सबसे बड़ी ताकत

समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी के बिना नशामुक्त समाज की कल्पना संभव नहीं है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

15 दिनों तक चले इस अभियान का समापन केवल एक मैराथन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश देने वाला जनआंदोलन साबित हुआ।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *