गुरु पूर्णिमा पर शिक्षक पर FIR: 8 साल के छात्र से मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप, पानी पीने की बात पर विवाद

शिवपुरी। गुरु पूर्णिमा के एक दिन पहले, जब पूरे देश में गुरु का सम्मान किया जा रहा था, उसी दिन शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षक के खिलाफ 8 वर्षीय छात्र से मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में मामला दर्ज होने की घटना चर्चा का विषय बन गई। छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मामला लुकवासा चौकी क्षेत्र के उकावल गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का है। गांव निवासी राजू जाटव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 8 वर्षीय पुत्र अभी कक्षा चौथी में पढ़ता है। स्कूल में प्यास लगने पर उसने शिक्षक लोकेश शर्मा की पानी की बोतल से पानी पी लिया।
पानी पीने पर भड़के शिक्षक, मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप
शिकायत के अनुसार छात्र द्वारा बोतल से पानी पीने पर शिक्षक नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। घटना के समय विद्यालय के अन्य छात्र रोहित जाटव और टीवाश जाटव भी मौके पर मौजूद बताए गए हैं।
गुरु पूर्णिमा से एक दिन पहले दर्ज हुई FIR
परिजनों की शिकायत के आधार पर कोलारस पुलिस ने शिक्षक लोकेश शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 115(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(डीए) के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरु पूर्णिमा जैसे अवसर पर शिक्षक के खिलाफ दर्ज हुई इस एफआईआर ने शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक-छात्र संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, मामले की सच्चाई अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
