रन्नौद पुलिस की कार्रवाई: एक साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर भेजा जेल

शिवपुरी। जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रन्नौद थाना पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में रन्नौद थाना पुलिस वारंटियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रकरण क्रमांक 186/19 में वांछित स्थायी वारंटी ऊधम कुशवाह (45) पुत्र जालम कुशवाह निवासी ग्राम डेढ़पोर, मोहल्ला रन्नौद, मथना क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे विशेष न्यायालय एससी-एसटी एक्ट, शिवपुरी में पेश किया, जहां से न्यायालय ने जेल वारंट जारी कर उसे सर्किल जेल शिवपुरी भेजने के आदेश दिए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजीव कुमार दुबे, प्रधान आरक्षक जगेश सिकरवार, आरक्षक वकील गुर्जर एवं आरक्षक सिद्धनाथ गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
