CM के शिवपुरी दौरे की तैयारियां पर एसपी ने हेलीपैड, सभा स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 5 जुलाई को प्रस्तावित शिवपुरी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और वीवीआईपी रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत अदाणी समूह द्वारा स्थापित की जा रही ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास किया जाएगा। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ हवाई पट्टी पहुंचकर हेलीपैड की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने वीवीआईपी मार्ग का निरीक्षण करते हुए पोलो ग्राउंड स्थित सभा स्थल का दौरा किया। यहां सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
