SHIVPURI NEWS – मकान विवाद में दो युवकों पर लाठी से हमला, सिर फूटे, चार आरोपियों पर FIR दर्ज

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसौद में पुराने मकान विवाद को लेकर दो युवकों पर लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में दोनों युवकों के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्राम सिरसौद निवासी 26 वर्षीय हेमंत लोधी ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने साथी विकास लोधी के साथ सिरसौद चौराहे से घर लौट रहा था। रास्ते में सौरभ ठाकुर की दुकान के सामने प्रकाश लोधी ने पुराने मकान विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रकाश ने अपने भाई बीरेंद्र लोधी के साथ हरीसिंह लोधी और अरविंद लोधी को मौके पर बुला लिया। शिकायत के अनुसार, चारों आरोपी लाठियां लेकर पहुंचे और हेमंत पर हमला कर दिया। आरोप है कि अरविंद लोधी ने हेमंत के सिर पर लाठी मारी, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी गर्दन, कंधों, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर लाठियों से हमला किया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे विकास लोधी को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा। शिकायत के मुताबिक, बीरेंद्र लोधी ने विकास के सिर पर लाठी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अरविंद लोधी ने उसके दाहिने घुटने पर भी लाठी मारी। घटना के दौरान रामकुमार लोधी और मलखान परिहार ने हस्तक्षेप कर दोनों घायलों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। अमोला थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकाश लोधी, बीरेंद्र लोधी, हरीसिंह लोधी और अरविंद लोधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
