महुअर नदी में अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस की कार्यवाही, 35 लाख का सामान जब्त

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने महुअर नदी के तिसाटा धाम घाट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर, चार ट्रॉलियां और रेत निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। जब्त किए गए वाहनों एवं उपकरणों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। मामले में खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई कर प्रकरण खनिज विभाग को भेज दिया गया है।
करैरा पुलिस को सूचना मिली थी कि महुअर नदी के तिसाटा धाम घाट पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बड़े पंखों और दमकल पंपों की मदद से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से दो स्वराज-735 ट्रैक्टर, एक सोनालिका ट्रैक्टर, चार ट्रॉलियां, दो पंप (दमकल), पांच बड़े पाइप और तीन बड़े पंखे जब्त किए। जब्त वाहनों में एक ट्रॉली पर “करण सिंह राजपूत ग्राम सिरसौना”, दूसरी पर “जय बाबा तिसाटा धाम” और तीसरी पर “जगदीश लोधी सिरसौना” लिखा मिला। पुलिस ने वाहन चालकों और स्वामियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई कर प्रकरण खनिज विभाग, शिवपुरी को भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक चरण सिंह तथा प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित करैरा थाना पुलिस की टीम की प्रमुख भूमिका रही।
