गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष भिड़े, तीन घायल: 5 आरोपियों पर FIR

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हातौद में गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी एनसीआर दर्ज की गई है।
फरियादी 58 वर्षीय इन्द्रजीत सिंह सरदार के अनुसार, उनके पास पिछले पांच वर्षों से एक देशी गाय है। गुरुवार शाम ग्राम गांगोली निवासी लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर समेत अन्य लोग पहुंचे और गाय को अपना बताते हुए ले जाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से इन्द्रजीत, उनके भाई परमजीत सिंह तथा बीच-बचाव करने पहुंचीं परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
देहात थाना पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह की शिकायत पर लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर, गोपाल गुर्जर और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में एनसीआर दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
