कोलारस पुलिस ने 22 घंटे में बरामद किया 6 माह का अपहृत मासूम, महिला-पुरुष गिरफ्तार

शिवपुरी। कोलारस पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक मां को उसका 6 माह का अपहृत बेटा वापस मिल गया। रतलाम जिले के जावरा से अगवा किए गए मासूम को पुलिस ने शुक्रवार देर रात पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर एक यात्री बस से बरामद कर लिया। बच्चे का अपहरण करने वाले महिला और पुरुष को भी गिरफ्तार कर रतलाम पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जावरा के थाना औद्योगिक क्षेत्र में शाहिल नट और उसकी पत्नी साहिन नट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उनका 6 माह का बेटा रिहान उस समय गायब हो गया, जब पूरा परिवार सड़क किनारे सो रहा था।
कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा, टीआई गब्बर सिंह, बदरवास टीआई शिखा तिवारी और लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा की टीम ने पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। रात करीब 2 बजे कमला ट्रेवल्स की एक यात्री बस की तलाशी के दौरान एक महिला की गोद में 6 माह का बच्चा मिला। पुलिस को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पूछताछ में बच्चे के अपहरण का खुलासा हो गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान निजाम मंसूरी निवासी झालावाड़ (राजस्थान) और रूपा रेगर निवासी झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। इनके साथ निजाम का 13 वर्षीय पुत्र भी मौजूद था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मासूम को लेकर दिल्ली जा रहे थे। पुलिस को आशंका है कि बच्चे को किसी सौदे या अवैध गोद दिलाने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। मामले में आगे की जांच रतलाम पुलिस कर रही है।
