swatantra shivpuri 79

सरकारी जमीन पर खनन माफिया का कब्जा: खेल मैदान और श्मशान भूमि को किया छलनी, DM से शिकायत

swatantra shivpuri 79

शिवपुरी। जिले के पोहरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खेरपुरा में सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से हो रहे अवैध मुरम उत्खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि माफिया द्वारा गांव के एकमात्र खेल मैदान और श्मशान घाट की भूमि को गहरे गड्ढों में तब्दील कर दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत खेरपुरा की सर्वे नंबर 472, 473, 474 और 475 की शासकीय भूमि पर दिन-रात मशीनों के जरिए मुरम निकाली जा रही है। सरपंच पुत्र अमर सिंह ने बताया कि यह मैदान गांव के बच्चों के खेलकूद का एकमात्र स्थान था, लेकिन अब यहाँ इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि बारिश के मौसम में इनमें पानी भरने से मासूमों के डूबने जैसे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस स्थान से अवैध रूप से मुरम का परिवहन किया जा रहा है, वह गांव की श्मशान भूमि का हिस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी गति से खुदाई जारी रही, तो भविष्य में अंतिम संस्कार के लिए भी जगह नहीं बचेगी। माफिया के इस कृत्य से न केवल जीवितों का अधिकार छीना जा रहा है, बल्कि मृतकों की शांति में भी खलल डाला जा रहा है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम भेजकर तत्काल भूमि का सीमांकन कराया जाए। उन्होंने अवैध उत्खनन को तुरंत रुकवाने और इस अवैध कारोबार में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *