थीम रोड पर अनियंत्रित होकर मकान में घुसी आइसक्रीम से भरी पिकअप, बाल-बाल बचे लोग

शिवपुरी। शहर के व्यस्ततम कमलागंज थीम रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ आइसक्रीम से भरी एक बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रिहाइशी मकान से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का छज्जा भरभरा कर गिर गया और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो पिकअप काफी तेज गति में थी। कमलागंज क्षेत्र से गुजरते समय चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित गाड़ी सड़क छोड़कर सीधे एक मकान में जा घुसी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस दुर्घटना में मकान के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय मकान के बाहर या छज्जे के नीचे कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। थीम रोड पर आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन संयोग से उस समय रास्ता खाली होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गनीमत रही कि गाड़ी मकान की दीवार से टकराकर रुक गई, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
