शिवपुरी कलेक्टर ने सुनी 400 फरियादियों की गुहार: पिछोर, खनियाधाना और नरवर एसडीएम को फटकार
राजस्व मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

शिवपुरी। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आज जिले भर से आए नागरिकों की भारी भीड़ जुटी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने करीब 400 आवेदकों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर का सख्त रुख भी देखने को मिला, जहाँ उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
जनसुनवाई में पिछोर, खनियाधाना और नरवर क्षेत्र से आए राजस्व संबंधी आवेदनों में हो रही देरी पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित एसडीएम के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आमजन को अपने जायज काम के लिए बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए प्रत्येक आवेदन का निराकरण समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना अनिवार्य है।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर का मानवीय चेहरा भी नजर आया। वार्ड क्रमांक 13, मनियर के निवासी दिव्यांग मनोज शर्मा अपनी आर्थिक समस्याओं को लेकर पहुँचे थे। कलेक्टर ने उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल रेडक्रॉस से 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की और मौके पर ही उन्हें चेक प्रदान किया। सहायता पाकर मनोज शर्मा ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज कर उनका फीडबैक लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसाधारण की समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
