swatantra shivpuri 61

बैराड़ के लक्ष्मीपुरा में खूनी संघर्ष: फरसे और लाठियों से हमला, चाचा की हालत गंभीर, अब घर घुसकर मिल रही धमकियां

swatantra shivpuri 61

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुरा में जमीनी विवाद को लेकर एक खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। दबंगों ने एक परिवार पर लाठी, डंडों और फरसे से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी बेखौफ हैं और घर आकर केस वापस लेने की धमकियां दे रहे हैं।

खेत पर हुआ अचानक हमला पीड़ित भागीरथ बघेल ने बताया कि घटना 2 मई की सुबह की है, जब उनके बड़े भाई नरेश बघेल खेत पर मौजूद थे। तभी गांव के ही कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हथियारों से हमला बोल दिया। इस खूनी संघर्ष में भागीरथ के चाचा दयाली बघेल को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है। हमलावरों ने इस दौरान वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए सवाल पीड़ित परिवार का आरोप है कि बैराड़ पुलिस ने इस मामले में पक्षपात किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए गए हैं। साथ ही, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले बुलंद हैं।

दबंगों की घर पर दी दस्तक, जान से मारने की धमकी हैरान कर देने वाली बात यह है कि वारदात के अगले ही दिन 3 मई को आरोपी दोबारा पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार पर पुलिस रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया और बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी राजनीतिक रसूख रखते हैं, जिसके कारण पूरा परिवार दहशत में है। अब पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *