शिवपुरी में जनगणना कार्य में कोताही बरतने वाले 12 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

शिवपुरी। राष्ट्रीय महत्व के कार्य जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशों के बाद, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और आदेशों की अनदेखी करने वाले 12 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तहसीलदार और नगर पालिका अधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार, इन कर्मचारियों ने न केवल जनगणना सामग्री लेने से इनकार किया, बल्कि सूचना मिलने के बाद भी कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं हुए।
प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आए कर्मचारियों में रितु मिश्रा, देवेन्द्र शर्मा, मनोरमा धाकड़, किशोर कुमार भगत, सुरेन्द्र कुमार तिवारी, मधुमती कुशमी, देवेन्द्र राठौर, राहुल देव राजौरिया, नवल किशोर भार्गव, बलवीर सिंह जादौन, वीरेन्द्र राजे और प्रवीण दुबे शामिल हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को समय सीमा के भीतर ड्यूटी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं; संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में संबंधितों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
