पूजा के नाम पर ठगी का पर्दाफाश: महिला से सोने के जेवर हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.5 लाख का माल बरामद

शिवपुरी। शहर में पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी दीपक उर्फ राजू विश्वकर्मा ने एक महिला को उसके परिवार की समस्याओं का हवाला देकर झांसे में लिया और “पूजा कराने” के नाम पर दो सोने के मंगलसूत्र व टोप्स लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को अशोकनगर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत के जेवर और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
घटना 23 अप्रैल की है, जब रातौर पुलिया क्षेत्र निवासी महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी पहुंचा और घर में परेशानियां दूर करने का झांसा देकर पूजा-पाठ का बहाना बनाया। विश्वास में लेकर वह महिला के जेवर लेकर फरार हो गया। मामले की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि वह ठगी का माल बेचने की फिराक में था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुमित शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, आरक्षक अवतार सिंह, राहुल कुमार, महेन्द्र तोमर और देशराज मावई की अहम भूमिका रही।
