शिवपुरी में भीषण गर्मी का असर: 8वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद

शिवपुरी। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं 30 अप्रैल 2026 तक बंद रहेंगी। यह निर्णय छात्रों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
9वीं से 12वीं तक का समय बदला
वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूरी तरह बंद नहीं होंगी, बल्कि उनका समय बदला गया है। अब ये कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय में ही शैक्षणिक कार्य पूर्ण करें और शासन द्वारा तय परीक्षा एवं अन्य गतिविधियां यथावत जारी रखें।
यह आदेश 27 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और आगामी आदेश तक लागू रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि गर्मी के प्रकोप को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि बच्चों को लू और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके।
